संवाददाता, देवी सिंह प्रजापति, बयाना
बयाना – बयाना कस्बे में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक बेकाबू पिकअप वाहन ने सब्जी मंडी इलाके में जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क पर दौड़ते हुए कई लोगों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। बड़ी मुश्किल से पिक-अप पेड़ से टकरा कर रुक पाई । जिससे चालक भी बुरी तरह फंस गया लोगों ने उसको भी पिक-अप से बाहर निकाला ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप ने सबसे पहले घर के बाहर बैठे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से टूट गया। घायल व्यक्ति की पहचान डालचंद सैनी (45), पुत्र गिरधारी सैनी, निवासी बयाना के रूप में हुई है।
घटना में एक कुत्ता भी वाहन की चपेट में आकर कुचल गया। इसके अलावा तीन टैम्पो और दो फोरव्हीलर वाहनों को भी पिकअप ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
घायल डालचंद सैनी को तुरंत बयाना उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भरतपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
परिजनों, जिनमें बबीता सैनी और अनिता सैनी ने बताया कि डालचंद सैनी अपने बीमार भाई को देखने आए थे और घर के बाहर बैठे थे, तभी यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि ये हादसा और भी बड़ा हो जाता अगर बच्चे स्कूल नहीं गये होते। क्यों कि बच्चे अधिक तर इसी पैड के नीचे खेलते रहते हैं ।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।