अनिल कुमार, जिला ब्यूरो हेड, ब्यावर
ब्यावर। राजनीति जब व्यक्तिगत प्रचार से ऊपर उठकर जनसेवा का माध्यम बनती है, तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट एम.डी. चोपदार के 51वें जन्मदिवस पर कुछ ऐसा ही दृश्य ब्यावर में देखने को मिला। उनके जन्मदिन को ‘सेवा पर्व’ के रूप में मनाते हुए प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं जिला प्रवक्ता ऋषि लांबा के नेतृत्व में सुबह से शाम तक मानवता की सेवा के विभिन्न कार्य किए गए।
बेजुबानों की सेवा से दिन का आगाज
दिन की शुरुआत सुबह गौशाला में गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर की गई। इसके पश्चात ऋषि लांबा ने दादाबाड़ी पहुँचकर पक्षियों के लिए दाना डाला। लांबा ने कहा कि इन बेजुबान जीवों की दुआएं अनमोल होती हैं।
दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों के बीच साझा की खुशियां
जन्मदिन के अवसर पर ऋषि लांबा ‘दिव्या ज्योति चिल्ड्रन विशेष विद्यालय’ पहुँचे, जहाँ उन्होंने मानसिक एवं दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया। बच्चों को अल्पाहार और चप्पलें वितरित की गईं। इसके बाद टीम वृद्धाश्रम पहुँची, जहाँ बुजुर्गों को फल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों की आँखें इस अपनेपन को देखकर नम हो गईं।
शिक्षा की लौ और राहत के कदम
दोपहर में ऋषि लांबा झुग्गी-झोपड़ियों में पहुँचे, जहाँ अभाव में जी रहे लोगों को धूप से बचाव के लिए चप्पलें वितरित की गईं। साथ ही, बच्चों को कॉपी, पेन, स्लेट और पुस्तकें बांटकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। लांबा ने संदेश दिया कि “कलम ही भविष्य बदलने का सबसे सशक्त हथियार है।”
पार्टी पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
ऋषि लांबा ने एम.डी. चोपदार के स्वस्थ और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव मजलूमों के हक की लड़ाई लड़ने के लिए समर्पित रहा है। इस दौरान प्रदेश सचिव सेवादल सोहन मेवाड़ा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अशोक रांका, पूर्व पार्षद दिनेश जैन, दिव्यांग प्रदेश अध्यक्ष पप्पू पलहवान, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष राधिका शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।