क्राइम रिपोर्टर, रामावतार खंडेलवाल, जिला डीग
ककराला पहाड़ियों में छिपाकर रखी जाती थीं चोरी की बाइक, पुलिस की घेराबंदी में शातिर चोर गिरफ्तार
नगर:डीग जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी शरण कांबले के निर्देशन में सीकरी थाना पुलिस और DST टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश किया है।
21 अप्रैल को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ककराला पहाड़ी क्षेत्र में दबिश दी। यहां एक संदिग्ध युवक 10 मोटरसाइकिलों के साथ बैठा मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूद्दी पुत्र मन्ना, निवासी कोलरी (सीकरी) बताया। जांच में सामने आया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों को अलग-अलग जिलों और राज्यों से लाकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाता था। इतना ही नहीं, वह इंजन और चेसिस नंबर में भी छेड़छाड़ कर इन्हें बेच देता था।
खास बात यह रही कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए चोरी की सभी बाइक ककराला पहाड़ियों की तलहटी में छिपाकर रखता था। पुलिस ने मौके से सभी 10 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं और आरोपी के खिलाफ बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और इस पूरे गैंग के अन्य सदस्यों व बड़े नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है।
वाईट (बाइट):
एसपी शरण कांबले – “अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जल्द ही गैंग के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।”