*— राजकीय महाविद्यालय सुपावस और देवनारायण आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्यों की जानी भौतिक स्थिति।
संवाददाता, मनोज पाराशर, जिला डीग
डीग, 20 अप्रैल। राज्य सरकार की बजट घोषणाओं वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 को धरातल पर उतारने और जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां ने सोमवार को पंचायत समिति सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अंतर-विभागीय समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
महाविद्यालय एवं आवासीय विद्यालय निर्माण की समीक्षा
बैठक के दौरान शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़े प्रोजेक्ट्स की विस्तार से समीक्षा की गई। राजकीय महाविद्यालय, सुपावस, कुम्हेर के निर्माण के संबंध में कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों ने अवगत कराया कि कार्य की तकनीकी स्वीकृति जारी की जा चुकी है तथा निविदा आमंत्रित करने की कार्यवाही की जा रही है। वहीं, देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय, सुंदरावली के संबंध में बताया गया कि परिसर की चारदीवारी का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि छत व छात्रावास का कार्य प्रगतिरत है, जिसे निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
शहरी ड्रेनेज एवं ऐतिहासिक विमल कुंड का सौंदर्यीकरण
शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सीकरी में ड्रेनेज निर्माण कार्य की वित्तीय स्वीकृति के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा। विमल कुंड के सौंदर्यीकरण कार्य में उन्होंने उपखंड अधिकारी कामां को सार्वजनिक निर्माण विभाग के स्तर पर आ रहे प्रकरणों का त्वरित समाधान करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम और अधिशासी अधिकारी कामां को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
आगामी जनगणना-2027 की पूर्व तैयारियों का लिया जायजा
बैठक में आगामी जनगणना 2027 की पूर्व तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने मकान सूचीकरण, ब्लॉक सीमांकन और पोर्टल अपडेशन जैसी प्रारंभिक प्रक्रियाओं को पूरी तरह त्रुटिरहित और समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स पूर्ण गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि डिजिटल जनगणना का कार्य सुगमता से संपन्न हो सके।
संपर्क पोर्टल: गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण पर जोर
आमजन की शिकायतों के निवारण हेतु राजस्थान संपर्क पोर्टल की समीक्षा करते हुए श्री कस्वां ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर दर्ज किसी भी परिवाद को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि परिवादों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और परिवादी की वास्तविक संतुष्टि पर आधारित हो। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।