आगामी अधिक मास में श्रद्धालुओं की सुगमता हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश।
संवाददाता, मनोज पाराशर, जिला डीग
कोथरा गेट से शुरू कर राजस्थान सीमा में आने वाले लगभग डेढ़ दर्जन गांवों के परिक्रमा मार्ग का किया दौरा
डीग। आगामी मई माह से प्रारंभ होने वाले अधिक मास के अवसर पर आयोजित होने वाली ब्रज 84 कोस परिक्रमा के दृष्टिगत जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को राजस्थान सीमा के अंतर्गत आने वाले संपूर्ण परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने राजस्थान सीमा के प्रवेश द्वार कोथरा गेट से निरीक्षण प्रारंभ कर सांवई, नगला दांदू, बहज, डीग कस्बा, दिदावली, नगला महारानिया, टाकौली, खोह, चुल्हेरा, अलीपुर, पसोपा, बरौली धाऊ, बिलोंद, सतवास, पथवारी और नौनेरा गांव तक परिक्रमा मार्ग की वस्तुस्थिति का सूक्ष्मता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने कहा कि मई माह से अधिक मास शुरू हो रहा है जो पूरे एक महीने तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा करने आएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान कोई असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कच्ची परिक्रमा मार्ग पर मौजूद सभी अस्थाई अतिक्रमणों को तुरंत हटाया जाए, ताकि नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं को पदयात्रा में पूर्ण सुगमता हो। उन्होंने कहा कि वे आगामी कुछ दिनों पश्चात पुनः इस मार्ग का निरीक्षण कर दिए गए निर्देशों की प्रगति की स्वयं समीक्षा करेंगे।परिक्रमार्थियों की निर्बाध पदयात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित तहसीलदार के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर संपूर्ण परिक्रमा मार्ग से किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाएं। साथ ही, भरतपुर फीडर कैनाल के सामने पड़ी हुई निर्माण सामग्री को अविलंब हटाने के निर्देश दिए गए। मार्ग में स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए संबंधित विकास अधिकारियों को नालियों की समुचित साफ-सफाई, सड़क किनारे उगी कंटीली झाड़ियों की कटाई और मार्ग में रखे उपलों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए। खोह क्षेत्र में रखे लकड़ी व ईंधन को परिक्रमा मार्ग से हटाकर अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर रखवाने हेतु पाबंद किया गया।
ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को परिक्रमा मार्ग में आने वाले सभी हैंडपंपों को सुचारू रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि मार्ग में जहां भी विद्युत पोल तिरछे या झुके हुए हैं, उन्हें दुर्घटनाओं की रोकथाम की दृष्टि से तत्काल सीधा किया जाए। वहीं सतवास में मार्ग पर पड़े पोल्स को भी हटवाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, टाकौली सहित मार्ग में पड़ने वाले उन सभी विश्राम स्थलों पर, जहां परिक्रमार्थियों के बैठने हेतु छाया की व्यवस्था नहीं है, विकास अधिकारियों को शेड लगवाने के निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान उपखंड अधिकारी डीग मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी कामां सुभाष, तहसीलदार जुगीता मीना, पुलिस वृत्ताधिकारी सीताराम बैरवा सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी एवं पंचायती राज व राजस्व विभाग की टीमें उपस्थित रहीं।