क्राइम रिपोर्टर, रामावतार खंडेलवाल, जिला डीग
नगर:विकास की राजनीति और आपसी सौहार्द को सर्वोपरि रखने वाले प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और बड़े दिल का परिचय दिया है। फुटाकी गांव में हाल ही में विकास शिला पट्टिका को लेकर हुए विवाद को मंत्री बेढम ने बेहद सादगी और भाईचारे के साथ सुलझा लिया है।
गांव के गणमान्य लोगों ने मंत्री बेढम से मुलाकात कर स्पष्ट किया कि शिला पट्टिका को क्षति पहुँचाने का कृत्य गांव का नहीं, बल्कि कुछ मुट्ठी भर असामाजिक तत्वों का था। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पंचायत जोड़कर इस “अनजाने में हुई अनहोनी” को खत्म करने का निर्णय लिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गांव मंत्री द्वारा किए जा रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
मंत्री ने दिखाया बड़ा दिल, कहा- ‘मैं जनता का सेवक’
विवाद को बढ़ाने के बजाय मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने ग्रामीणों की पहल का स्वागत किया। उन्होंने सामाजिक स्तर पर मामले को निपटाने के लिए गणमान्य लोगों का धन्यवाद देते हुए कहा, “मेरा लक्ष्य केवल क्षेत्र का विकास और जनता की सेवा है। मैं आपका सेवक हूँ और सेवक की तरह ही आपके सुख-दुख में हमेशा खड़ा रहूँगा।”
भाईचारे की जीत
इस मुलाकात के बाद ग्रामीणों और मंत्री के बीच का मनमुटाव पूरी तरह समाप्त हो गया है। ग्रामीणों ने मंत्री बेढम की कार्यशैली और उनकी सहजता की प्रशंसा करते हुए इसे भाईचारे की जीत बताया है। अब गांव में फिर से विकास की लहर और आपसी प्रेम का माहौल दिखाई दे रहा है।