अनिल कुमार, जिला ब्यूरो हेड, ब्यावर
ब्यावर जिले के जैतारण उपखण्ड क्षेत्र निवासी रविन्द्रसिंह चारण ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन हुआ है।
रविन्द्रसिंह की सफलता की कहानी संघर्ष और दृढ़ संकल्प से भरी है। इससे पहले उन्होंने आरएएस परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन कम अंक मिलने के कारण उन्हें राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) कैडर आवंटित हुआ था। हालांकि, उन्होंने इससे संतुष्ट न होकर एक बार फिर प्रयास करने का निर्णय लिया और पूरी लगन से तैयारी में जुट गए।
उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई और दूसरी बार आरएएस मेन्स परीक्षा में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इस बार उन्होंने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने उच्च अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर भी बेहतर रैंक प्राप्त की है।
गौरतलब है कि रविन्द्रसिंह पहले ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहे।
उनके चयन और चौथा स्थान प्राप्त करने की सूचना जैसे ही परिवार और क्षेत्र में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मिठाइयां बांटकर और जश्न मनाकर अपनी खुशी का इजहार किया। परिवार के सदस्य उन्हें बधाई देने के लिए उत्साहित दिखे।
